Thursday , 1 October 2026

‘हीरो हैं आप…’ पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मछार को किया सलाम, फ्लाईदुबई की खौफनाक घटना में 174 लोगों की बची जान

नेशनल डेस्क: दुबई से इजराइल की राजधानी तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को एक गंभीर घटना सामने आई। उड़ान के दौरान को-पायलट ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने हिम्मत नहीं हारी और ऐसा कदम उठाया, जिससे विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाने में मदद मिली।

पीएम मोदी ने स्मित मछार को बताया ‘हीरो’

इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 1 अक्टूबर की सुबह कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने उन्हें हीरो बताते हुए कहा कि बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दूसरों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित ने पूरी हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली और एक बड़ी त्रासदी टल गई।

पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मछार पर गर्व जताते हुए उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत हासिल करने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

गंभीर चोट के बाद भी हमलावर का किया मुकाबला

फ्लाइट में मौजूद कैप्टन स्मित मछार पर उनके को-पायलट ने चाकू से हमला किया था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हमलावर का विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया।

कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद मिली। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

इस पूरी घटना में कैप्टन स्मित मछार की भूमिका अहम रही। गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने जिस तरह हालात का सामना किया, उससे विमान में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद मिली।

इजराइल के पीएम नेतन्याहू ने भी की तारीफ

कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि चाकू से हमला होने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने मुकाबला किया, हमलावर का विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया।

नेतन्याहू के मुताबिक, कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि कैप्टन मछार ने इजराइली नागरिकों और दूसरे देशों के नागरिकों समेत 174 लोगों की जान बचाई।

नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को सच्चा हीरो बताते हुए उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।

डोनाल्ड ट्रंप ने भी स्मित को बताया हीरो

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की सराहना की। ट्रंप ने कहा कि पायलट की हालत बेहद खराब थी, लेकिन उन्होंने समझदारी दिखाई और जिस तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, वह अद्भुत था।

ट्रंप के मुताबिक, कॉकपिट का दरवाजा खोलने के बाद कैप्टन स्मित पीछे की तरफ गिर गए और मदद के लिए चिल्लाए। उन्होंने को-पायलट के बारे में कहा कि वह शायद कोई आतंकवादी या सनकी व्यक्ति था और उसने पायलट पर चाकू से हमला किया।

कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी के बाद भारत के साथ-साथ इजराइल और अमेरिका में भी उनके साहस की चर्चा हो रही है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद संकट की घड़ी में उन्होंने जिस तरह हिम्मत दिखाई, उसे बड़ी त्रासदी टलने की अहम वजह माना जा रहा है।

 

Check Also

Flydubai Pilot Attack: 30 हजार फीट की ऊंचाई पर कॉकपिट में खून से लथपथ हुए भारतीय पायलट, सूझबूझ से बची 180 लोगों की जान

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क: दुबई से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में उस समय हड़कंप …