Thursday , 19 November 2026

केदारनाथ त्रासदी में दिखा था बड़ा संकेत! धरती के नीचे मौजूद रेडॉन गैस अब दे सकती है प्राकृतिक आपदाओं का अलर्ट

उत्तराखंड डेस्क: क्या धरती के नीचे होने वाले बदलावों से भूकंप, बाढ़ और भारी बारिश जैसी आपदाओं का पहले ही अंदाजा लगाया जा सकता है? वैज्ञानिकों के एक शोध में रेडॉन गैस को लेकर अहम संकेत मिले हैं। वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के वैज्ञानिकों ने वर्ष 2013 की केदारनाथ त्रासदी से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया है। इसमें पता चला कि भारी बारिश और बाढ़ के दौरान भूजल में रेडॉन गैस का स्तर सामान्य से दोगुने से भी ज्यादा हो गया था। वैज्ञानिक अब इस गैस में होने वाले बदलावों की मदद से प्राकृतिक आपदाओं के शुरुआती संकेत पहचानने की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं।

केदारनाथ आपदा के आंकड़ों में मिला अहम संकेत

वैज्ञानिकों ने वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई विनाशकारी बाढ़ से पहले और उसके दौरान दर्ज आंकड़ों का अध्ययन किया। वाडिया इंस्टीट्यूट ने वर्ष 2007 में केदारनाथ के नजदीक गुत्तू क्षेत्र में एक विशेष वेधशाला स्थापित की थी। यहां 68 मीटर गहरे बोरहोल के माध्यम से भूजल से जुड़े बदलावों की निगरानी की जा रही थी।

15 से 17 जून 2013 के बीच केदारनाथ क्षेत्र में करीब 52 घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई थी। इसके चलते भीषण बाढ़ आई और गुत्तू स्थित बोरहोल में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया। शोध में सामने आया कि इस दौरान भूजल में रेडॉन गैस की मात्रा सामान्य औसत से दोगुनी से अधिक हो गई, जबकि मिट्टी में इसकी मात्रा कम दर्ज की गई।

भूकंप से पहले भी बदलता है रेडॉन का स्तर

वाडिया इंस्टीट्यूट के भू-वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के शोध के मुताबिक, रेडॉन गैस का संबंध जमीन के भीतर मौजूद यूरेनियम और थोरियम के स्रोतों से है। इन तत्वों के प्राकृतिक विघटन से रेडॉन गैस निकलती है। वैज्ञानिकों ने पाया है कि भूकंप आने से पहले कई बार संबंधित क्षेत्र में इस गैस की मात्रा में अचानक उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।

नेपाल में आए भूकंप के दौरान भी रेडॉन के स्तर में ऐसे बदलावों के प्रमाण मिले थे। डॉ. नरेश कुमार के अनुसार, गुत्तू स्थित वेधशाला के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि भविष्य में भूकंप के संभावित संकेतों को समझने और पूर्वानुमान की दिशा में शोध को आगे बढ़ाया जा सके।

क्या है रेडॉन गैस और क्यों है इसकी निगरानी अहम?

रेडॉन एक रंगहीन, गंधहीन और रेडियोधर्मी गैस है। इसका निर्माण जमीन के नीचे मिट्टी और चट्टानों में मौजूद यूरेनियम के प्राकृतिक विघटन से होता है। पिछले करीब 50 वर्षों के अध्ययनों में वैज्ञानिकों ने पाया है कि भूकंप से पहले कुछ क्षेत्रों में रेडॉन की मात्रा अचानक बढ़ या घट सकती है।

धरती की गहराई में होने वाली हलचल और वहां जमा ऊर्जा को सीधे मापना आसान नहीं है। ऐसे में वैज्ञानिक रेडॉन गैस के स्तर में होने वाले बदलावों को संभावित भूकंपीय गतिविधियों के संकेत के तौर पर देखते हैं। हालांकि, अभी केवल इस गैस के आधार पर भूकंप का समय, स्थान और तीव्रता बताना संभव नहीं है।

भारी बारिश और भूकंप के संकेतों में अंतर करना जरूरी

शोध में यह भी सामने आया है कि रेडॉन गैस जमीन के भीतर पानी के प्रवाह के साथ एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंच सकती है। जब भारी बारिश होती है तो सतह का पानी तेजी से जमीन के अंदर पहुंचता है। इस प्रक्रिया में मिट्टी में मौजूद रेडॉन भी पानी के साथ भूजल में मिल जाती है। इससे भूजल में गैस की मात्रा बढ़ सकती है।

ऐसे में वैज्ञानिकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बारिश के कारण होने वाले बदलावों और भूकंप से जुड़े वास्तविक संकेतों के बीच अंतर करने की है। इसके लिए रेडॉन गैस के आंकड़ों का बारिश, भूजल स्तर और अन्य भूकंपीय गतिविधियों से जुड़े आंकड़ों के साथ तुलनात्मक अध्ययन जरूरी है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तरह के संयुक्त विश्लेषण से प्राकृतिक आपदाओं के संभावित शुरुआती संकेतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिल सकती है।

 

Check Also

आदिवासियों की जमीन लेने से पहले ग्राम सभा की मंजूरी जरूरी, सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा में रद्द किया भूमि अधिग्रहण

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने आदिवासी समुदायों के भूमि अधिकारों को लेकर अहम फैसला सुनाते …