Thursday , 19 November 2026

नई BS-VI गाड़ियों को PUC से मिलेगी बड़ी राहत, अब 3 साल तक नहीं कराना होगा प्रदूषण टेस्ट; जानें किस वाहन पर कितने दिन चलेगा सर्टिफिकेट

नई दिल्ली: वाहन मालिकों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC को लेकर सरकार ने नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत BS-VI मानक वाली नई निजी गाड़ियों को अब हर साल प्रदूषण जांच केंद्र के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इन वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता बढ़ाकर तीन साल कर दी गई है। वहीं, कमर्शियल वाहनों को शुरुआती छह साल तक दो साल में एक बार प्रदूषण जांच करानी होगी। दूसरी ओर, पुरानी गाड़ियों के लिए पहले की तरह कम अवधि का प्रमाणपत्र जारी रहेगा।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में नए नियम जारी किए हैं। इनके मुताबिक, BS-VI मानक वाली निजी गाड़ियों की PUC वैधता उनकी पहली रजिस्ट्रेशन तारीख से वाहन की उम्र के आधार पर तय होगी। छह साल तक पुरानी निजी गाड़ियों को हर तीन साल में एक बार प्रमाणपत्र बनवाना होगा। छह से 10 साल पुरानी होने पर हर साल और 10 साल से अधिक पुरानी होने पर हर छह महीने में इसे रिन्यू कराना जरूरी होगा।

कमर्शियल गाड़ियों के लिए क्या है नया नियम?

BS-VI मानक वाली कमर्शियल यानी परिवहन श्रेणी की गाड़ियों को भी नए नियमों से राहत दी गई है। पहली रजिस्ट्रेशन तारीख से छह साल तक इन वाहनों का PUC सर्टिफिकेट दो साल के लिए वैध रहेगा। छह से 10 साल पुरानी गाड़ियों के लिए हर साल प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा। वहीं, 10 साल से अधिक पुरानी कमर्शियल गाड़ियों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी पड़ेगी।

BS-I से BS-IV गाड़ियों के लिए कितनी होगी वैधता?

नए बदलावों में पुरानी उत्सर्जन श्रेणी वाली गाड़ियों के लिए PUC की अवधि अलग रखी गई है। BS-I, BS-II और BS-III मानक वाले वाहनों का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र केवल तीन महीने तक वैध रहेगा। जबकि BS-IV मानक वाली गाड़ियों के लिए इसकी वैधता छह महीने तय की गई है।

इस तरह नए नियमों में वाहन की उत्सर्जन श्रेणी, उसकी उम्र और निजी या कमर्शियल इस्तेमाल के आधार पर PUC की अवधि निर्धारित की गई है।

एक नजर में समझें PUC की नई वैधता

  • BS-I, BS-II और BS-III: सभी गाड़ियों के लिए तीन महीने
  • BS-IV: सभी गाड़ियों के लिए छह महीने
  • BS-VI निजी गाड़ियां: छह साल तक तीन साल, छह से 10 साल तक एक साल और 10 साल से अधिक उम्र पर छह महीने
  • BS-VI कमर्शियल गाड़ियां: छह साल तक दो साल, छह से 10 साल तक एक साल और 10 साल से अधिक उम्र पर छह महीने

केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 2026 के तहत हुआ बदलाव

PUC सर्टिफिकेट की वैधता में किए गए ये बदलाव मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत केंद्रीय मोटर वाहन (सोलहवां संशोधन) नियम, 2026 के जरिए लागू किए गए हैं। सरकारी गजट में प्रकाशन के साथ ही ये नियम प्रभावी हो गए हैं।

पुराने PUC सर्टिफिकेट पर कैसे लागू होंगे नए नियम?

नए नियम लागू होने से पहले जिन गाड़ियों के PUC सर्टिफिकेट जारी हो चुके हैं, उन्हें बढ़ी हुई वैधता का लाभ तुरंत नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों को नए नियमों के लागू होने के बाद पहली बार सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। इसके बाद ही नई व्यवस्था के तहत तय वैधता लागू होगी।

एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यू कराया तो क्या होगा?

नियमों में प्रमाणपत्र रिन्यू कराने की तारीख को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की गई है। अगर वाहन मालिक मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की वैधता खत्म होने से 10 दिन पहले नया प्रमाणपत्र बनवा लेते हैं, तो उसकी वैधता पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति की तारीख से शुरू मानी जाएगी।

वहीं, अगर पुराने प्रमाणपत्र की अवधि खत्म होने के बाद रिन्यूअल कराया जाता है, तो नया PUC सर्टिफिकेट उसी दिन से प्रभावी होगा, जिस दिन उसे जारी किया गया है।

Check Also

आठ साल बाद IPS जसवीर सिंह की वापसी, 2019 में क्यों हुए थे सस्पेंड? राजा भैया से लेकर योगी आदित्यनाथ तक से जुड़ा रहा है नाम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह को करीब आठ साल बाद …