
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर निशाना साधते हुए हैदराबाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से लौटने के बाद हैदराबाद से आए मौलाना को यह बात याद रहेगी कि यहां सरकार बनने के बाद हैदराबाद भी ‘भाग्यलक्ष्मीपुरम’ बन जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक गठबंधन पर हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
ओवैसी पर निशाना साधते हुए हैदराबाद का किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हैदराबाद से आया हुआ मौलाना बहुत मचल रहा है। हम ओवैसी को आश्वस्त करना चाहते हैं कि जब वह उत्तर प्रदेश से वापस जाएंगे, तो यह बात याद रखेंगे कि यहां सरकार बनने के बाद हैदराबाद भी ‘भाग्यलक्ष्मीपुरम’ बन जाएगा।”
योगी के इस बयान को हैदराबाद का नाम बदलने से जुड़ी उनकी पुरानी राजनीतिक टिप्पणियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। हालांकि, इस बार उन्होंने यह बात उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव और ओवैसी के नए राजनीतिक गठबंधन को लेकर कही है।
‘प्रदेश में माफिया का हो चुका है सफाया’
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो, समाजवादी पार्टी हो या हैदराबाद से आए लोग, ये सभी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। योगी ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया समेत अपराध के कई रूप देखने को मिलते थे। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश में माफिया का सफाया हो चुका है।
12 नवंबर को हुआ था सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का ऐलान
दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने 12 नवंबर को लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की घोषणा की थी। इस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना जाहिर की है। साथ ही बीजेपी को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया गया था।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस गठबंधन का स्वागत किया था। उन्होंने दावा किया था कि इस मोर्चे के कारण बीजेपी को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले इस नए राजनीतिक समीकरण को लेकर प्रदेश की सियासत में चर्चा तेज हो गई है।
गोरखपुर में वानिकी और बागवानी विश्वविद्यालय की रखी आधारशिला
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के कैंपियरगंज क्षेत्र में प्रदेश के पहले वानिकी और बागवानी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने 792 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। नए विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद गोरखपुर में विश्वविद्यालयों की कुल संख्या पांच हो जाएगी। इस संस्थान को मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बताया जा रहा है।
Navyug Samachar