Friday , 20 November 2026

खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे यात्रियों की बस ट्रक से टकराई, कानपुर देहात में 2 की मौत; 15 घायल

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। राजस्थान के खाटू श्याम से दर्शन कर यात्रियों को लेकर लखनऊ लौट रही स्लीपर बस सिकंदरा क्षेत्र के खोजाफूल कस्बे के पास कानपुर-इटावा हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।

सुबह पांच बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे 30 लोग

जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। बस की रफ्तार लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। खोजाफूल कस्बे के पास बस आगे चल रहे ट्रक से तेजी से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान चलाया। बस में बच्चों समेत कुल 30 यात्री सवार थे। सभी को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया।

उन्नाव और हरदोई के दो यात्रियों की मौत

हादसे में उन्नाव के शुक्लागंज निवासी 55 वर्षीय रामानंद और हरदोई के कछौना क्षेत्र के शमसापुर गांव निवासी 40 वर्षीय कृष्णवीर की जान चली गई। वहीं, 15 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

चालक को झपकी आने की आशंका

सिकंदरा के इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आशंका है कि बस चालक को नींद की झपकी आ गई थी। इसी वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Check Also

नई BS-VI गाड़ियों को PUC से मिलेगी बड़ी राहत, अब 3 साल तक नहीं कराना होगा प्रदूषण टेस्ट; जानें किस वाहन पर कितने दिन चलेगा सर्टिफिकेट

नई दिल्ली: वाहन मालिकों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC को लेकर सरकार ने …