
बरेली डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। बरेली में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में बहन-बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अपने अंदाज में चेतावनी देते हुए कहा कि गुस्ताखी करने वालों को अगले चौराहे पर यमराज मिल जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहले हालात अलग थे। वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय रहनुमा ही चोर थे। वे डकैती करते भी थे और करवाते भी थे। उस दौर में पुलिस के हाथ बंधे हुए थे, लेकिन अब अपराधियों में कानून का डर है।
ग्राम प्रहरियों का बढ़ा मानदेय, कैशलेस इलाज की घोषणा
बरेली पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली और मुरादाबाद मंडल के ग्राम प्रहरियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा देने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस निर्णय का लाभ प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
दंगाइयों को अब कानून का डर, जेल में मनाने पड़ रहे त्योहार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल और मौलाना तौकीर रजा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले त्योहारों के समय दंगे होते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि दंगाई अब जेल में उर्स मनाने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि अपराधियों को पता है कि गलत काम करने पर उन्हें कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा और बाप-दादा की कमाई भी गंवानी पड़ सकती है।
पुलिस देखकर अपराधियों की हालत खराब हो जाती है
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले माफिया और अपराधियों का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि अब पुलिस की गाड़ी देखकर माफिया की हालत खराब हो जाती है।
बरेली क्लब मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों से पहुंचे शिक्षकों की मौजूदगी रही।
हर जिले में विश्वविद्यालय देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार हर जिले में विश्वविद्यालय उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। शाहजहांपुर, कुशीनगर और भदोही में यह कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना किसी भेदभाव के 1.60 लाख शिक्षकों की भर्ती की है। सरकारी शिक्षकों को कैशलेस उपचार की सुविधा दी गई है और आने वाले समय में इसका लाभ सीबीएसई शिक्षकों को भी देने की योजना है।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर भी किया बड़ा दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड परीक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अब परीक्षाएं 14 दिनों में पूरी कराई जाएंगी और इसके 14 दिन बाद परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने और परिणाम आने में कई महीने लग जाते थे।
उत्तर प्रदेश अब बीमार अर्थव्यवस्था वाला राज्य नहीं
प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा है, बल्कि रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और निवेश के नए अवसर तैयार हुए हैं। सड़क, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र में मंदिरों में उमड़ी भीड़ प्रदेश में सुरक्षा को लेकर लोगों के बढ़े विश्वास को दर्शाती है।
Navyug Samachar