Wednesday , 21 October 2026

विजयादशमी पर योगी, अखिलेश और मायावती का संदेश, सत्य-सदाचार और समतामूलक समाज की राह पर चलने की अपील

लखनऊ डेस्क: विजयादशमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने प्रदेशवासियों और देश की जनता को शुभकामनाएं दीं। तीनों नेताओं ने अपने संदेशों के जरिए पर्व के महत्व को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्य, सदाचार और लोकमंगल के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी, जबकि अखिलेश यादव ने भगवान राम के समतामूलक और लोककल्याणकारी स्वरूप का उल्लेख किया। मायावती ने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

सीएम योगी ने सत्य और सदाचार अपनाने का दिया संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “यतो धर्मस्ततो जयः।” मुख्यमंत्री ने विजयादशमी को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन-मूल्यों का स्मरण कराने वाला पावन पर्व बताया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह त्योहार अहंकार और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, सदाचार तथा लोकमंगल के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल की कामना भी की।

अखिलेश यादव ने समतामूलक रामराज्य पर दिया जोर

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ‘एक्स’ पर संदेश साझा कर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान राम के ऐसे स्वरूप का उल्लेख किया, जो सभी को साथ लेकर चलने और जनकल्याण की भावना का प्रतिनिधित्व करता है।

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में लिखा, “प्रभु ‘राम’ वही जो सबमें रमायें, दान-चोर के दानव मार गिरायें, ‘दंभी’ की नाभि पर तीर चलायें, ‘समतापूर्ण रामराज्य’ जो लायें।”

मायावती ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश के लोगों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्तर प्रदेश सहित सभी देशवासियों को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। सभी लोगों का जीवन सुख-शांति के साथ खुशहाल हो, यही आज के दिन कुदरत से कामना।”

Check Also

UPI पेमेंट फेल हुआ या ATM से नहीं निकले पैसे? बैंक की देरी पर मिल सकता है ₹100 रोज का मुआवजा, जानें RBI के नियम

नेशनल डेस्क: आजकल पैसे भेजने, खरीदारी करने और एटीएम से नकदी निकालने के लिए डिजिटल …