मनोरंजन डेस्क : अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का ट्रेलर 18 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। इसके लिए राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में भव्य लॉन्च इवेंट आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा शामिल होंगे। इसके अलावा फिल्म की स्टारकास्ट की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मेकर्स इस इवेंट को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी में हैं, जहां ट्रेलर के साथ फिल्म की झलक, शानदार विजुअल्स और कुछ खास सरप्राइज भी पेश किए जा सकते हैं।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जबकि इसका निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट और भव्य विजुअल इफेक्ट्स को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ है।
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’
मेकर्स पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 6 नवंबर 2026 को दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। वहीं दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज किया जाएगा। भारतीय पौराणिक महाकाव्य पर आधारित इस मेगा बजट फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। अब दर्शकों की नजरें 18 जुलाई पर टिकी हैं, जब फिल्म का ट्रेलर पहली बार सामने आएगा।
Navyug Samachar
