
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने एक्स-रे टेक्नीशियन (सामान्य चयन) मुख्य परीक्षा-2023 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग की ओर से जारी अंतिम परिणाम के अनुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के तहत विज्ञापित 382 पदों में से 377 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। दिव्यांग श्रेणी की उपश्रेणी एचएच में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण 5 पद रिक्त रह गए हैं। अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा के प्राप्तांक और अभिलेख परीक्षण के आधार पर तैयार की गई है। आयोग ने चयन सूची के साथ श्रेणीवार कट-ऑफ अंक भी जारी कर दिए हैं।
श्रेणीवार चयन की पूरी तस्वीर
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार सामान्य वर्ग के 150, अनुसूचित जाति के 79, अनुसूचित जनजाति के 8, अन्य पिछड़ा वर्ग के 102 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 38 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं सामान्य वर्ग के 3, अनुसूचित जाति का 1 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 1 पद रिक्त रह गया।
क्षैतिज आरक्षण में भी कई पद खाली रहे
क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी में 4, दिव्यांग (एचएच) श्रेणी में 3, अन्य दिव्यांग श्रेणियों में 7 तथा महिला श्रेणी में 76 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित पद पर किसी अभ्यर्थी का चयन नहीं हो सका।
पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने से कई पद नहीं भर सके
आयोग ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी में निर्धारित 7 पदों के मुकाबले केवल 4 पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध हुए। इसी प्रकार भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में भी पर्याप्त पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण संबंधित पदों को मेरिट के आधार पर अन्य अभ्यर्थियों से भरा गया।
दिव्यांग एचएच श्रेणी के 5 पद रहे रिक्त
दिव्यांग (एचएच) श्रेणी के लिए विज्ञापित 8 पदों के मुकाबले केवल 3 पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध होने से 5 पद रिक्त रखे गए हैं। आयोग ने बताया कि यह प्रक्रिया शासनादेशों के अनुरूप पूरी की गई है। अंतिम परिणाम के साथ श्रेणीवार कट-ऑफ अंक भी प्रकाशित कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम, मेरिट सूची और कट-ऑफ अंक देख सकते हैं।
Navyug Samachar