Monday , 21 September 2026

NEET पेपर लीक पर पीएम मोदी सख्त, बोले- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं; दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा

नेशनल डेस्क: नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार का रुख साफ कर दिया है। संसद के मानसून सत्र के दौरान आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पेपर लीक मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी कि नीट पेपर लीक मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

दोषियों को ऐसी सजा मिले जो बने मिसाल

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद सरकार ने तुरंत कदम उठाए। उन्होंने इस पूरे मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही।

किरेन रिजिजू के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस रैकेट में शामिल अपराधियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जो भविष्य के लिए उदाहरण बने। इसके लिए देश के बड़े वकीलों की मदद लेकर मजबूत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

छात्रों के मुद्दे पर राजनीति न करने की अपील

नीट मामले को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री मोदी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों और उनके भविष्य को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई और बिना देरी के परिणाम भी जारी किए।

किसानों के हितों पर भी सांसदों से की चर्चा

एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने नीट मामले के अलावा भारत की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों का भी जिक्र किया।

उन्होंने सांसदों को भरोसा दिलाया कि किसी भी विदेशी समझौते में किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता किसानों का कल्याण है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसे समझौतों का उन पर नकारात्मक असर न पड़े।

एनडीए सांसदों को मिला पीएम का मार्गदर्शन

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन सभी सांसदों के लिए महत्वपूर्ण रहा। बैठक में देश की हालिया उपलब्धियों और सरकार की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।

गौरतलब है कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी जारी है।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …