Monday , 5 October 2026

AAI Recruitment 2026: एयरपोर्ट अथॉरिटी में 379 पदों पर निकली बंपर भर्ती, मैनेजर और जूनियर एग्जीक्यूटिव बनने का मौका

नेशनल डेस्क: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने मैनेजर और जूनियर एग्जीक्यूटिव के 379 पदों पर सीधी भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। एविएशन सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवार इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 8 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 7 सितंबर 2026 तय की गई है।

कई विभागों में होंगी नियुक्तियां

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की इस भर्ती के तहत मैनेजर (ग्रुप-ए) और जूनियर एग्जीक्यूटिव (ग्रुप-बी) के पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। भर्ती के जरिए सिविल इंजीनियरिंग, फाइनेंस, ऑपरेशंस, आईटी, लॉ और अन्य प्रमुख विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।

भर्ती विज्ञापन के अनुसार मैनेजर पदों में इंजीनियरिंग-सिविल के लिए सबसे ज्यादा 145 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा फाइनेंस में 34, ऑपरेशंस में 28, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 16, फायर सर्विसेज में 14, कॉमर्शियल में 9, आईटी में 5, आर्किटेक्चर में 4, लॉ में 2, कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस में 2 और कॉरपोरेट प्लानिंग में 1 पद शामिल है।

वहीं जूनियर एग्जीक्यूटिव पदों में ऑपरेशंस के 79, फाइनेंस के 36, सर्वे एवं कार्टोग्राफी के 8 और लॉ के 6 पदों पर भर्ती होगी।

आयु सीमा और योग्यता का नियम

इस भर्ती में उम्मीदवारों की आयु की गणना 7 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। मैनेजर पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष और जूनियर एग्जीक्यूटिव पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष निर्धारित की गई है।

आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर को 3 वर्ष, दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष और एएआई के नियमित कर्मचारियों को 10 वर्ष तक की छूट मिलेगी।

हर पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की योग्यता की जानकारी जरूर देखनी होगी।

आवेदन शुल्क में इन उम्मीदवारों को छूट

सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 1000 रुपये (जीएसटी सहित) जमा करने होंगे। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग, महिला उम्मीदवार और एएआई में एक साल की अप्रेंटिसशिप पूरी कर चुके अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

मिलेगी आकर्षक सैलरी और सुविधाएं

चयनित उम्मीदवारों को एएआई की ओर से बेहतर वेतनमान और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। मैनेजर पद पर चयनित अभ्यर्थियों को ई-3 स्तर के तहत 60,000 रुपये से 1,80,000 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इस पद का अनुमानित वार्षिक सीटीसी करीब 21 लाख रुपये होगा।

वहीं जूनियर एग्जीक्यूटिव पद के लिए ई-1 स्तर के तहत 40,000 रुपये से 1,40,000 रुपये तक वेतनमान निर्धारित है। इस पद का अनुमानित वार्षिक सीटीसी करीब 14 लाख रुपये रहेगा।

सीबीटी परीक्षा से होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा में किसी भी तरह की नकारात्मक अंक व्यवस्था नहीं होगी। सीबीटी में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

मैनेजर पदों के लिए इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा, जबकि फायर सर्विसेज पदों के उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षण और ड्राइविंग टेस्ट से गुजरना होगा।

ऐसे करें आवेदन

योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 8 अगस्त 2026 से एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए वेबसाइट के करियर सेक्शन में जाकर भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा।

महत्वपूर्ण तारीखें:
आवेदन शुरू होने की तारीख: 8 अगस्त 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 7 सितंबर 2026

 

Check Also

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में ASO की भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका; जानें योग्यता, फीस और सैलरी

नई दिल्ली: प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने ग्रुप-बी के तहत असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) …