यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखा परीक्षक और सहायक लेखाकार भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए रिक्त पदों की संख्या बढ़ा दी है। आयोग ने 20 नए पद जोड़ने के बाद अब कुल 1957 पदों पर भर्ती करने का फैसला किया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 3 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
20 नए पद जुड़ने से बढ़ी कुल रिक्तियां
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पहले यह भर्ती 1937 पदों के लिए निकाली गई थी। अब उत्तर प्रदेश जल निगम में सहायक लेखाकार के 20 नए पद शामिल किए गए हैं। इसके बाद भर्ती के लिए कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 1957 हो गई है।
3 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन और आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 3 अगस्त निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन पत्र में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई है।
पीईटी-2025 के आधार पर मिलेगी मुख्य परीक्षा में पात्रता
इस भर्ती के लिए केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जो प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2025 में निर्धारित अंकों के आधार पर पात्र होंगे। चयन प्रक्रिया मुख्य परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी।
ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती से जुड़ा भी आया अपडेट
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने ग्राम पंचायत अधिकारी मुख्य परीक्षा के लिए पहले 6113 अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया था। अब उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी और श्रवण शक्ति में ह्रास श्रेणी के रिक्त पदों को भरने के लिए 200 अभ्यर्थियों का परिणाम भी जारी कर दिया गया है।
आयोग ने संशोधित कटऑफ के साथ अनुपूरक चयन सूची भी जारी की है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और कटऑफ देख सकते हैं।
Navyug Samachar
