Sunday , 13 September 2026

UP में तड़के कांवड़ियों से भरी बस पलटी, 1 की मौत और 40 घायल; चालक को झपकी आने की बात, 8 की हालत गंभीर

लखनऊ डेस्क: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में बुधवार तड़के कांवड़ियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस हरिद्वार से अयोध्या जा रही थी और उसमें करीब 70 श्रद्धालु सवार थे। हादसा उचौलिया गुरुद्वारा के पास हुआ। दुर्घटना में करीब 40 यात्री घायल हो गए, जबकि 50 वर्षीय हरिशंकर लाल यादव की मौत हो गई। घायलों में 8 की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शाहजहांपुर रेफर किया गया।

हरिद्वार से अयोध्या जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, बस में सवार श्रद्धालु बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया गांव के निवासी बताए गए हैं। बुधवार सुबह उचौलिया गुरुद्वारा के पास अचानक बस अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई।

बताया गया कि बस खाई में उतरने के बाद भी सीधी खड़ी रही। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। अगर बस खाई में गिरने के बाद पलट जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान

बस पलटने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे और अन्य यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

हादसे में करीब 40 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। इनमें 8 की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया।

8 गंभीर घायलों को शाहजहांपुर भेजा गया

गंभीर घायलों में 50 वर्षीय लांभा देवी, 45 वर्षीय सरल मेहता, 65 वर्षीय सुखदेव दास, 35 वर्षीय सूगी देवी, 65 वर्षीय हीरालाल, 60 वर्षीय सुशीला देवी, 50 वर्षीय सुगाता देवी और 43 वर्षीय बस चालक सलाउद्दीन शामिल हैं। सभी को पसगवां सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद शाहजहांपुर भेजा गया।

अन्य घायलों का सीएचसी में इलाज

हादसे में घायल अन्य यात्रियों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां में किया गया। इनमें लालमती, सुंगति, लालजी, लावन्ती देवी, बसन्ती देवी, रोकवा कुमारी, गीता देवी, धीरज कुमार, होरीलाल, मनोज, सरल वाजपेयी, वोवी, बनिता, हरिवन, प्रियंका, आयुष, राधिका, आंचल, राजुवती, संजय, रमाकान्त, निरमल, दीपक, राममूर्ति, सुभाष, दिनेश, ज्ञानू देवी, सुमन देवी, शिल्पी और अजय कुमार समेत कई यात्री शामिल हैं।

चालक को झपकी आने की आशंका

उचौलिया थाना प्रभारी अवध राज सिंह सेंगर के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी श्रद्धालुओं को बस से बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में बस चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …