Friday , 20 November 2026

यूपी एमएलसी चुनाव में भाजपा-सपा आमने-सामने, 2027 से पहले सीएम योगी ने संभाली चुनावी कमान

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी मुकाबला तेज हो गया है। इस चुनाव को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले का बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है। भाजपा ने सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य तय करते हुए पूरी ताकत झोंक दी है, जबकि सपा अपने समीकरणों और चुनावी रणनीति के जरिए चुनौती पेश करने में जुटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद गोरखपुर से लेकर आगरा तक भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान संभाल रहे हैं।

एमएलसी चुनाव में भाजपा की क्लीन स्वीप की तैयारी, सपा ने भी कसी कमर

प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों के लिए 72 जिलों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा इस चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है और संगठन स्तर पर जीत के लिए माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति बनाई गई है। वहीं समाजवादी पार्टी भी स्थानीय मुद्दों, सामाजिक समीकरणों और अपने समर्थक मतदाताओं के सहारे मुकाबले को मजबूत बनाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सात अक्टूबर को वाराणसी दौरे के दौरान एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की थी। वाराणसी खंड स्नातक सीट से भाजपा ने केदारनाथ सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जिनका मुकाबला सपा के मौजूदा एमएलसी आशुतोष सिन्हा से होगा। शिक्षक खंड में भाजपा के प्रमोद मिश्रा के सामने सपा के एमएलसी लाल बिहारी यादव चुनाव मैदान में हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चुनाव प्रचार की कमान अपने हाथों में ले ली है। 12 अक्टूबर को उन्होंने गोरखपुर में 12 हजार शिक्षकों से संवाद कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।

17 जिलों में होने वाले चुनाव पर सभी की नजर

गोरखपुर-अयोध्या खंड के 17 जिलों में होने वाला एमएलसी चुनाव राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। यहां भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के सामने समाजवादी पार्टी ने संजय त्रिपाठी को मैदान में उतारा है। इस सीट के परिणाम का असर आजमगढ़, गोरखपुर और अयोध्या मंडल की विधानसभा सीटों की राजनीति पर भी पड़ सकता है।

भाजपा नेतृत्व लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों को मजबूत कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अक्टूबर को बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में सम्मेलन कर चुके हैं। इसके बाद 14 अक्टूबर को वाराणसी और 15 अक्टूबर को मिर्जापुर में प्रत्याशियों के पक्ष में संवाद कार्यक्रम करेंगे।

प्रयागराज से आगरा तक योगी की चुनावी रणनीति पर फोकस

प्रयागराज-झांसी स्नातक खंड के प्रत्याशियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को प्रयागराज में चुनावी रणनीति बनाएंगे। भाजपा ने यहां अशोक कुमार राठौर को उम्मीदवार बनाया है, जबकि सपा ने डॉ. मान सिंह यादव को मैदान में उतारा है।

इस सीट पर भाजपा के अंदर टिकट को लेकर कुछ नाराजगी की चर्चा भी है। शिक्षक नेता सुरेश त्रिपाठी को टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी के एक वर्ग की सक्रियता को लेकर सवाल उठे हैं।

मुख्यमंत्री 16 अक्टूबर को आगरा पहुंचकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। यहां भाजपा के डॉ. मानवेंद्र सिंह के सामने अपनी सीट बचाने की चुनौती है। सपा ने शशांक यादव को प्रत्याशी बनाया है। आगरा क्षेत्र में जादौन क्षत्रिय मतदाताओं की मौजूदगी को देखते हुए निर्दलीय उम्मीदवार अमरीशपाल सिंह जादौन के उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

शिक्षक वर्ग की सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी के सामने सपा के आकाश अग्रवाल चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीं मेरठ-सहारनपुर खंड की दोनों सीटों के लिए मुख्यमंत्री 16 अक्टूबर को गाजियाबाद में चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। यहां स्नातक सीट से दिनेश गोयल और शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा भाजपा के उम्मीदवार हैं।

विधानसभा चुनाव तक दिखेगा एमएलसी चुनाव का असर

एमएलसी चुनाव को भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 अक्टूबर को लखनऊ में सम्मेलन कर स्नातक सीट के प्रत्याशी अवनीश सिंह और शिक्षक सीट के उमेश द्विवेदी के लिए रणनीति तैयार करेंगे।

भाजपा संगठन ने मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए पन्ना प्रमुख की तर्ज पर मतदाता प्रमुख सक्रिय किए हैं। प्रत्येक मतदाता प्रमुख को 30 से 100 वोटरों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, भले ही यह चुनाव विधान परिषद की कुछ सीटों तक सीमित है, लेकिन 75 में से 72 जिलों में इसकी चुनावी गतिविधियां होने के कारण इसका राजनीतिक संदेश व्यापक होगा। इसके परिणाम 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और भाजपा-सपा के बीच आगामी सियासी मुकाबले की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

 

Check Also

नई BS-VI गाड़ियों को PUC से मिलेगी बड़ी राहत, अब 3 साल तक नहीं कराना होगा प्रदूषण टेस्ट; जानें किस वाहन पर कितने दिन चलेगा सर्टिफिकेट

नई दिल्ली: वाहन मालिकों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC को लेकर सरकार ने …