
यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए नई प्रदेश टीम का ऐलान कर दिया है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी नेतृत्व की मंजूरी के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ महिलाओं को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व दिया गया है।
नई टीम को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बेहद अहम माना जा रहा है। संगठन में किए गए बदलावों को भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
19 उपाध्यक्षों को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
नई प्रदेश कार्यकारिणी में 19 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह और मोहित बेनीवाल जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं।
पार्टी ने महिला नेतृत्व को भी मजबूत करने पर जोर दिया है। इसी रणनीति के तहत प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल और डॉ. कृतिका अग्रवाल को भी प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
8 महामंत्रियों के जरिए संगठन को मिलेगी नई गति
भाजपा ने संगठनात्मक मजबूती के लिए आठ नेताओं को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। इनमें रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा संगठन के विभिन्न कार्यों को गति देने के लिए 46 नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। इनमें विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, अंकुर शर्मा और अनिल यादव समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
छह क्षेत्रों के लिए तय किए गए नए रणनीतिकार
प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए भाजपा ने अपने सभी छह क्षेत्रीय इकाइयों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की है।
पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी नबाब सिंह नागर को दी गई है, जबकि ब्रज क्षेत्र की कमान पूरन लाल लोधी संभालेंगे। कानपुर क्षेत्र में राम किशोर साहू, अवध क्षेत्र में अवधेश द्विवेदी, काशी क्षेत्र में अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र में विनोद राय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मोर्चों में भी हुआ बड़ा फेरबदल
भाजपा ने अपने विभिन्न मोर्चों में भी नए नेतृत्व की नियुक्ति की है। युवा मोर्चा की कमान रोहित मिश्रा को सौंपी गई है, जबकि पिछड़ा वर्ग मोर्चा का नेतृत्व प्रकाश पाल करेंगे।
किसान मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में देवेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के लिए अशोक रावत, महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में सरोज कुशवाह और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के लिए विद्याभूषण गोंड को जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम को भी नई जिम्मेदारियां
पार्टी ने मीडिया प्रबंधन को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। वहीं मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक और हिमांशुराज पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2027 चुनाव पर भाजपा की नजर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नई कार्यकारिणी के गठन के जरिए भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को औपचारिक रूप से गति दे दी है। संगठन में सामाजिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और महिला भागीदारी को प्राथमिकता देकर पार्टी ने व्यापक राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।
अब नई टीम के सामने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की बड़ी चुनौती होगी।
Navyug Samachar