Monday , 5 October 2026

CJI सूर्यकांत ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई वाली याचिका सुनने से किया इनकार, बोले- हमारा समय बर्बाद मत करिए

नई दिल्ली डेस्क: दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई की मांग की गई। हालांकि, चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने इस मामले को सुनने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कोर्ट को इस केस में कोई रुचि नहीं है और वकील से कहा कि हमारा और अपना समय बर्बाद न करें।

लाठीचार्ज के वीडियो देखने से भी किया इनकार

मामले को सुप्रीम कोर्ट में मेंशन करते हुए वकील नरेंद्र कुमार मिश्रा ने इसे नीट पेपर लीक से जुड़े छात्रों का मामला बताया। उन्होंने कहा कि छात्र परीक्षा के उचित संचालन और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में सुधार जैसे अहम मुद्दे उठा रहे हैं।

इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने मामले को आगे सुनने से इनकार कर दिया। जब वकील ने पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो मौजूद होने की बात कही तो सीजेआई ने वीडियो देखने में भी कोई रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि हमारे पास समय नहीं है।

वकील की दलील पर सीजेआई ने दी प्रतिक्रिया

वकील नरेंद्र मिश्रा ने पुलिस कार्रवाई और छात्रों से जुड़े मुद्दों को गंभीर बताते हुए सुनवाई की मांग की। इस दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि हमें इस मामले में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने वकील से कहा कि हमारा समय बर्बाद मत करिए।

इससे पहले मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने भी जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई से जुड़े एक मामले की तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था। हाई कोर्ट ने कहा था कि अदालत को इस मामले में न घसीटा जाए।

दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल हुईं दो याचिकाएं

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में दो जनहित याचिकाएं दाखिल की गई हैं। बुधवार को इन याचिकाओं को मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के सामने तत्काल सुनवाई के लिए रखा गया।

याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील ने अदालत में कहा कि इस घटना ने देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुआ था हंगामा

देशभर के छात्र और कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता जंतर-मंतर समेत मध्य दिल्ली के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी बार-बार परीक्षा पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को संसद भवन तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी, जिसमें पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए।

मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। धक्का-मुक्की के दौरान राहुल गांधी को मामूली चोट लगने की बात सामने आई।

 

Check Also

CEC ज्ञानेश कुमार पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, निलंबन से लेकर SIR और Form 6 तक उठे बड़े सवाल

नेशनल डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली को लेकर उठे सवाल अब सुप्रीम …