ऑटो डेस्क : महिंद्रा एंड महिंद्रा भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। कंपनी आने वाले समय में दो नई और बेहद अहम SUVs लॉन्च करने जा रही है, जिनमें 2026 Mahindra Scorpio N Facelift और Mahindra Vision S शामिल हैं। दोनों मॉडल्स को लेकर बाजार में पहले से ही काफी चर्चा है और टेस्टिंग के दौरान इनकी झलक भी दिखाई दे चुकी है।
2026 Scorpio N Facelift में होंगे ये बदलाव
नई Mahindra Scorpio N Facelift में बड़े डिजाइन ओवरहाल की बजाय सूक्ष्म लेकिन प्रभावशाली बदलाव देखने को मिल सकते हैं। स्पाई इमेज से संकेत मिले हैं कि SUV में नया फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर और नया एयर डैम दिया जा सकता है।
हालांकि इसके मौजूदा C-शेप LED फॉग लैंप और हेडलाइट सेटअप को बरकरार रखा जा सकता है। इसके साथ ही नए 5-स्पोक अलॉय व्हील्स और रियर में अपडेटेड LED टेललाइट डिजाइन भी शामिल हो सकता है, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा मॉडर्न नजर आएगा।
केबिन होगा और ज्यादा प्रीमियम
इंटीरियर की बात करें तो नई Scorpio N Facelift में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसमें 10.25 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है, जो मौजूदा मॉडल से ज्यादा एडवांस होगा और Mahindra Thar Roxx से इंस्पायर्ड हो सकता है।
इसके अलावा सेंटर कंसोल को नया डिजाइन दिया जा सकता है, जिसमें सिल्वर फिनिश और बेहतर लेआउट देखने को मिलेगा। AC वेंट्स की पोजिशन में भी हल्का बदलाव संभव है, जिससे केबिन ज्यादा प्रीमियम फील दे।
इंजन वही, लेकिन राइड क्वालिटी में सुधार
मैकेनिकल तौर पर Scorpio N Facelift में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा। इसमें 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर डीजल इंजन पहले की तरह जारी रह सकते हैं।
हालांकि कंपनी राइड क्वालिटी को बेहतर बनाने पर काम कर रही है और इसमें नए DaVinci Dampers टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे खराब सड़कों पर सफर और आरामदायक हो जाएगा।
Mahindra Vision S बनेगी नई कॉम्पैक्ट SUV चुनौती
महिंद्रा की दूसरी बड़ी पेशकश Vision S होगी, जो कंपनी के नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित पहली प्रोडक्शन SUV होगी। इसे खासतौर पर युवाओं और एडवेंचर पसंद करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है।
यह एक सब-4 मीटर SUV होगी, जिसकी लंबाई 4 मीटर से कम और व्हीलबेस करीब 2,665 मिमी हो सकता है। बड़ा व्हीलबेस होने से इसमें केबिन स्पेस बेहतर मिलने की उम्मीद है।
मल्टी पावरट्रेन विकल्प के साथ आएगी Vision S
Vision S को कंपनी मल्टी-इंजन विकल्पों के साथ पेश कर सकती है। इसमें पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वेरिएंट तक मिलने की संभावना है।
शुरुआत में पेट्रोल और डीजल वर्जन लॉन्च हो सकते हैं, जबकि हाइब्रिड और EV मॉडल बाद में पेश किए जा सकते हैं।
सीधी टक्कर इन SUVs से होगी
भारतीय बाजार में Mahindra Vision S का मुकाबला Tata Nexon, Kia Sonet, Hyundai Venue, Maruti Brezza और Skoda Kylaq जैसी कॉम्पैक्ट SUVs से होगा। वहीं आने वाले समय में यह नई लॉन्च होने वाली SUVs को भी कड़ी चुनौती दे सकती है।
Navyug Samachar
