
टेक डेस्क: पोको भारतीय बाजार में जल्द ही अपना नया 5जी स्मार्टफोन POCO M8x 5G लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने फोन के डिजाइन की झलक दिखा दी है, हालांकि इसकी लॉन्च तारीख का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। लॉन्च से पहले सामने आई जानकारी के मुताबिक यह स्मार्टफोन 20 हजार रुपये से कम कीमत में बाजार में दस्तक दे सकता है और इसमें बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले तथा दमदार प्रोसेसर जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
20 हजार रुपये से कम हो सकती है कीमत
टिपस्टर योगेश बरार के अनुसार, भारत में POCO M8x 5G की संभावित कीमत 20 हजार रुपये से कम रखी जा सकती है। तुलना करें तो POCO M8 5G का बेस वेरिएंट 18,999 रुपये में लॉन्च हुआ था, जबकि POCO M8 Power 5G की शुरुआती कीमत 24,999 रुपये रखी गई थी। ऐसे में नया मॉडल दोनों के बीच की प्राइस रेंज में उतारा जा सकता है।
120Hz डिस्प्ले और MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद
लीक जानकारी के अनुसार, स्मार्टफोन में 6.9 इंच की एचडी+ आईपीएस एलसीडी डिस्प्ले दी जा सकती है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगी। प्रोसेसिंग के लिए इसमें MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट मिलने की संभावना है। फोन में 4GB रैम और 128GB स्टोरेज दी जा सकती है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से बढ़ाया भी जा सकेगा।
6000mAh बैटरी के साथ मिलेगा 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट
बैटरी बैकअप के लिए इस स्मार्टफोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है। इसके साथ 33W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी दिया जा सकता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह फोन Android 16 आधारित HyperOS 3 पर काम कर सकता है।
डिजाइन और उपलब्धता की भी मिली झलक
कंपनी की ओर से जारी टीजर से संकेत मिले हैं कि फोन फ्लिपकार्ट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। डिजाइन की बात करें तो इसमें टेक्सचर्ड फ्लैट रियर पैनल, ऊपर बाईं ओर चौकोर कैमरा मॉड्यूल और ग्रीन कलर फिनिश देखने को मिल सकती है। कैमरा मॉड्यूल और फ्रेम के चारों ओर गोल्डन डिटेलिंग दी गई है। दाईं ओर पावर और वॉल्यूम बटन दिए गए हैं, जबकि बाईं तरफ क्लीन डिजाइन रखा गया है।
लॉन्च डेट का इंतजार
फिलहाल कंपनी ने POCO M8x 5G की लॉन्च तारीख का खुलासा नहीं किया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसकी लॉन्च डेट और अन्य आधिकारिक फीचर्स की घोषणा की जा सकती है।
Navyug Samachar