
ऑटो डेस्क: भारत में सब-4 मीटर SUV सेगमेंट की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। जून 2026 में इस श्रेणी की कुल 1,10,161 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले साल के जून महीने की तुलना में करीब 35 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान टाटा मोटर्स का दबदबा देखने को मिला, जहां Tata Punch सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV रही। इसके बाद Tata Nexon और Maruti Fronx का स्थान रहा।
Tata Punch बनी सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV
जून 2026 में Tata Punch की 21,006 यूनिट की बिक्री हुई। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इसकी बिक्री में 101 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी के साथ यह इस सेगमेंट की एकमात्र SUV बन गई, जिसकी मासिक बिक्री 20 हजार यूनिट के आंकड़े को पार कर गई।
मई 2026 के मुकाबले भी Punch की बिक्री में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जून में इस मॉडल ने करीब 19 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल की।
Nexon और Fronx भी टॉप-3 में शामिल
बिक्री के मामले में Tata Nexon दूसरे स्थान पर रही। जून में इसकी 18,335 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल के मुकाबले 58 प्रतिशत अधिक हैं। हालांकि मई की तुलना में इसकी बिक्री में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
तीसरे स्थान पर Maruti Fronx रही, जिसकी जून में 13,135 यूनिट की बिक्री हुई। सालाना आधार पर इसकी बिक्री में करीब 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि मई की तुलना में बिक्री में कमी देखने को मिली।
Venue और XUV 3XO के बीच रही कड़ी प्रतिस्पर्धा
Hyundai Venue ने जून में 10,776 यूनिट की बिक्री के साथ चौथा स्थान हासिल किया। इसकी बिक्री पिछले साल के मुकाबले 57 प्रतिशत बढ़ी है।
वहीं Mahindra XUV 3XO ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मई में जहां इसकी 6,717 यूनिट बिकी थीं, वहीं जून में यह आंकड़ा बढ़कर 10,063 यूनिट पर पहुंच गया। यानी केवल एक महीने में इसकी बिक्री में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। सालाना आधार पर भी इसकी बिक्री में लगभग 42 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया।
Brezza की बिक्री में आई गिरावट
एक समय सब-4 मीटर SUV सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय मॉडल रही Maruti Brezza की बिक्री इस बार कमजोर रही। जून 2026 में इसकी 9,939 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल की तुलना में 31 प्रतिशत कम हैं।
माना जा रहा है कि कंपनी जल्द ही Brezza का फेसलिफ्ट मॉडल पेश कर सकती है। इसी संभावना के चलते मौजूदा मॉडल की बिक्री प्रभावित हुई है।
अन्य SUV मॉडल का प्रदर्शन
जून 2026 में Kia Sonet की 9,231 यूनिट, Hyundai Exter की 8,154 यूनिट और Skoda Kylaq की 4,039 यूनिट की बिक्री हुई। वहीं Toyota Taisor, Nissan Magnite, Renault Kiger, Kia Syros और Maruti Jimny की बिक्री अपेक्षाकृत कम रही।
Navyug Samachar