
नेशनल डेस्क: दिल्ली में जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के माता-पिता की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर निवासी अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके और मां अनीता दीपके ने छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर सवाल उठाए और आंदोलन के समर्थन में अपनी बात रखी। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिसमें 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए।
मां ने पुलिस कार्रवाई पर जताया दुख
अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने भावुक होते हुए कहा कि मोबाइल पर अपने बेटे और अन्य छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के दृश्य देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने सवाल उठाया कि अपने भविष्य को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे 18 से 20 वर्ष के छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया। उनके अनुसार, सरकार को छात्रों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए था।
पिता बोले- आंदोलन से पीछे हटने की सलाह नहीं देंगे
अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके, जो महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं, ने कहा कि उन्हें बेटे की सुरक्षा की चिंता जरूर है, लेकिन वह उसे आंदोलन से पीछे हटने की सलाह नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अभिजीत ने स्वयं शुरू किया है और परिवार उसके साथ मजबूती से खड़ा है।
सरकार के रवैये पर लगाए आरोप
भगवान दीपके ने केंद्र सरकार के रवैये की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय कठोर रुख अपना रही है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और जंतर-मंतर तथा संसद मार्ग पर जो घटनाएं हुईं, उन्हें लेकर सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।
छात्रों की मांगों पर कायम है आंदोलन
रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया था। इस दौरान लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किए जाने के आरोप लगाए गए। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ उग्र हो गई थी, बैरिकेड्स तोड़े गए और सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया गया।
दिल्ली पुलिस का दावा- 118 से अधिक जवान घायल
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस का कहना है कि धारा 144 के उल्लंघन और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Navyug Samachar