
बिजनेस डेस्क: वैश्विक तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को शानदार शुरुआत की। पिछले कारोबारी सत्र में भारी गिरावट के बाद बाजार में आज तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 545.02 अंकों की बढ़त के साथ 77,048.62 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 161.70 अंक चढ़कर 24,043.75 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
इससे पहले बुधवार को बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,677 अंक टूटकर 76,503.60 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में भी 516.65 अंकों की गिरावट आई थी और यह 23,882.05 के स्तर पर बंद हुआ था।
एशियाई बाजारों में भी दिखी तेजी, गिरावट के बाद जोरदार रिकवरी
वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद एशियाई बाजारों में गुरुवार को मजबूती देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 3.8 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार करता नजर आया। पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद बाजार ने मजबूत वापसी की है।
जापान का प्रमुख सूचकांक निक्केई 225 भी 2.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं टॉपिक्स इंडेक्स में 0.44 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। स्मॉल-कैप कोस्डैक में भी 4.23 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला।
चीन का प्रमुख सूचकांक शंघाई कम्पोजिट भी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में खुला। अमेरिकी बाजार में चिप निर्माता कंपनी एसके हाइनिक्स की शानदार लिस्टिंग के बाद टेक्नोलॉजी सेक्टर में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है, जिसका असर वैश्विक बाजारों पर दिखाई दे रहा है।
अमेरिकी बाजार में गिरावट, टेक शेयरों ने संभाला मोर्चा
बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 576.76 अंक यानी 1.09 प्रतिशत गिरकर 52,348.39 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स में 0.28 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 7,482.71 के स्तर पर बंद हुआ।
हालांकि, नैस्डैक कंपोजिट ने बाकी प्रमुख सूचकांकों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया और 0.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,870.65 के स्तर पर बंद हुआ। टेक्नोलॉजी शेयरों में तेजी ने बाजार को सहारा दिया। ब्रॉडकॉम के शेयरों में करीब 5 प्रतिशत और एनवीडिया के शेयरों में 3.65 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जिससे नैस्डैक हरे निशान में बंद होने में सफल रहा।
Navyug Samachar