उत्तराखंड डेस्क: श्रावण माह में चल रही कांवड़ यात्रा के बीच उत्तराखंड के हरिद्वार से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। हरिद्वार में नहर में स्नान के दौरान चार नाबालिग कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों के शव बाहर निकाले। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में जटवाड़ा पुल के पास हुआ। बताया गया कि चारों नाबालिग कांवड़िए नहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।
चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए थे चारों श्रद्धालु
पुलिस के मुताबिक, मृतक कांवड़िए चंडीगढ़ से हरिद्वार गंगाजल लेने आए श्रद्धालुओं के एक दल का हिस्सा थे। चारों की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और एसडीआरएफ के जवान भी तैनात हैं। इसके बावजूद चारों कांवड़िए निर्धारित घाटों के बजाय दूसरे स्थान पर नहर में स्नान करने चले गए। इसी दौरान वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और उनकी जान चली गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा चेतावनी वाले स्थानों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि इस तरह के हादसों से रोका जा सके।
Navyug Samachar
