Thursday , 13 August 2026

WhatsApp का नया Green Dot फीचर करेगा बड़ा बदलाव, बिना चैट खोले भी पता चलेगा कौन है ऑनलाइन

टेक डेस्क : इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में कंपनी ने एक नए Green Dot फीचर की टेस्टिंग शुरू की है। इस फीचर की मदद से किसी कॉन्टैक्ट के ऑनलाइन होने की जानकारी पहले से ज्यादा आसान तरीके से मिल सकेगी। फिलहाल यह फीचर चुनिंदा iPhone बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है और भविष्य में इसे अधिक यूजर्स तक पहुंचाए जाने की संभावना है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जब कोई यूजर WhatsApp पर सक्रिय होगा तो उसकी प्रोफाइल फोटो के नीचे हरे रंग का एक डॉट दिखाई देगा। जैसे ही वह ऑफलाइन होगा, यह डॉट अपने आप गायब हो जाएगा। इससे यूजर्स को किसी का ऑनलाइन स्टेटस देखने के लिए बार-बार चैट खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

फिलहाल Contact Info स्क्रीन तक सीमित

अभी इस फीचर को केवल Contact Info स्क्रीन तक सीमित रखा गया है। यानी किसी यूजर की चैट खोलने के बाद उसके नाम या प्रोफाइल फोटो पर टैप करने पर ही Green Dot दिखाई देगा। यह सुविधा अभी मुख्य चैट लिस्ट या चैट विंडो में उपलब्ध नहीं है। WhatsApp आमतौर पर नए फीचर्स को पहले सीमित संख्या में बीटा यूजर्स के बीच टेस्ट करता है और सफल परीक्षण के बाद सभी यूजर्स के लिए जारी करता है।

इससे पहले Green Dot फीचर Android बीटा वर्जन में भी देखा जा चुका है। अब यह WhatsApp Beta for iOS Version 26.26.10.72 का उपयोग करने वाले कुछ यूजर्स तक पहुंच चुका है।

प्राइवेसी सेटिंग्स पर नहीं पड़ेगा असर

Green Dot फीचर को लेकर प्राइवेसी की चिंता करने वाले यूजर्स के लिए राहत की बात यह है कि यह मौजूदा Privacy Settings के अनुसार ही काम करेगा। यदि किसी यूजर ने अपना Online Status किसी व्यक्ति या सभी लोगों से छिपा रखा है तो उन्हें Green Dot भी दिखाई नहीं देगा। यानी यह फीचर कोई नई जानकारी साझा नहीं करेगा, बल्कि मौजूदा ऑनलाइन स्टेटस को अधिक आसान और दृश्य रूप में प्रदर्शित करेगा।

कब तक मिल सकता है नया फीचर?

फिलहाल Green Dot फीचर टेस्टिंग चरण में है। यदि परीक्षण सफल रहता है तो आने वाले महीनों में इसे Android और iPhone दोनों प्लेटफॉर्म के सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है। हालांकि कंपनी की ओर से इसकी आधिकारिक लॉन्च तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है।

 

Check Also

एन चंद्रशेखरन का बड़ा फैसला, टाटा सन्स के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा; फरवरी 2027 तक संभालेंगे जिम्मेदारी

नेशनल डेस्क: टाटा समूह में बड़े नेतृत्व बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। टाटा …